सीएसके बैटिंग कोच माइक हसी ने छोड़ा पद, कोचिंग स्टाफ में नई एंट्री

Follow Us

नई दिल्ली। आईपीएल 2027 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने अपने कोचिंग स्टाफ में बड़े बदलाव किए हैं। पांच बार की चैंपियन टीम ने लंबे समय तक बल्लेबाजी कोच की जिम्मेदारी संभालने वाले ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर माइक हसी से अलग होने का फैसला किया है। वहीं, इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर गैरेथ बैटी को टीम का नया सहायक कोच नियुक्त किया गया है। बैटी अब टीम के नए मुख्य कोच जहीर खान के साथ काम करेंगे। यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है, जब चेन्नई सुपर किंग्स पिछले तीन आईपीएल सत्र में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी है।

2018 से बल्लेबाजी कोच थे माइक हसी
माइक हसी ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खिलाड़ी के रूप में छह सत्र खेले थे। इसके बाद 2018 में उन्हें टीम का बल्लेबाजी कोच बनाया गया। वह पिछले कई वर्षों से टीम के साथ जुड़े हुए थे और खिलाड़ियों को बल्लेबाजी में मार्गदर्शन देने की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। सीएसके ने सोशल मीडिया पर हसी को विदाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की। फ्रेंचाइजी ने कहा कि 2008 में टीम के पहले सत्र से ही हसी चेन्नई सुपर किंग्स परिवार का अभिन्न हिस्सा रहे हैं।

टीम ने अपने संदेश में लिखा कि चेन्नई के लिए हसी की यात्रा केवल उनके बनाए रनों और खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देने तक सीमित नहीं रही, बल्कि उनके समर्पण, विनम्रता और प्रतिबद्धता ने भी फ्रेंचाइजी पर गहरी छाप छोड़ी है। फ्रेंचाइजी ने कहा कि टीम के इतिहास में हसी का स्थान हमेशा खास रहेगा। साथ ही उन्हें विदाई देते हुए लिखा, ‘एक बार सुपर किंग, हमेशा सुपर किंग।’

भारत और कनाडा के बीच हर साल होगी प्रवासन और आवागमन पर बातचीत

एरिक साइमंस की जगह मोहित शर्मा को मिली जिम्मेदारी
चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने गेंदबाजी कोच एरिक साइमंस से भी अलग होने की आधिकारिक घोषणा की है। साइमंस 2018 से टीम के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा थे। फ्रेंचाइजी ने गेंदबाजी इकाई को तैयार करने और टीम की सफलता में उनके योगदान के लिए आभार जताया।

सीएसके ने कहा कि सिमंस ने वर्षों तक टीम की गेंदबाजी को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। फ्रेंचाइजी ने उनके समर्पित कार्यकाल के लिए धन्यवाद देते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं। साइमंस की जगह भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज मोहित शर्मा को गेंदबाजी कोच बनाया गया है।

इसके अलावा सहायक कोच राजीव कुमार और क्षेत्ररक्षण कोच जेम्स फोस्टर भी आईपीएल 2027 से टीम के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा नहीं होंगे। फ्रेंचाइजी ने टीम के फिजियो टॉमी सिमसेक के साथ भी आगे काम नहीं करने का फैसला किया है। इस तरह टीम के कोचिंग और सहयोगी स्टाफ में कई अहम बदलाव किए गए हैं।

भाटापारा में ACE के किसान सम्मेलन में उमड़े 300 से अधिक किसान, ट्रैक्टर फाइनेंस और सेवा सुविधाओं पर चर्चा

स्टीफन फ्लेमिंग की जगह जहीर खान संभालेंगे जिम्मेदारी
चेन्नई सुपर किंग्स ने इससे पहले लंबे समय तक मुख्य कोच रहे स्टीफन फ्लेमिंग से भी अपना नाता तोड़ लिया था। फ्लेमिंग के नेतृत्व में टीम ने कई सफलताएं हासिल कीं, लेकिन हाल के सत्रों में प्रदर्शन में गिरावट के बाद फ्रेंचाइजी ने नए नेतृत्व के साथ आगे बढ़ने का फैसला किया। फ्लेमिंग अब इंग्लैंड की टेस्ट टीम की जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं। उनकी जगह भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान को चेन्नई सुपर किंग्स का नया मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। आईपीएल 2027 जहीर खान का चेन्नई सुपर किंग्स के साथ पहला सत्र होगा। ऐसे में टीम प्रबंधन को उम्मीद होगी कि नए कोचिंग स्टाफ के साथ टीम अपने प्रदर्शन में सुधार करेगी और खिताब जीतने की दौड़ में मजबूती से वापसी करेगी।

गैरेथ बैटी को बनाया गया सहायक कोच
चेन्नई सुपर किंग्स ने इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर गैरेथ बैटी को नया सहायक कोच नियुक्त किया है। 49 वर्षीय बैटी इंग्लैंड के लिए 9 टेस्ट, 10 वनडे और 1 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। बैटी और जहीर खान एक-दूसरे को पहले से जानते हैं। दोनों इंग्लैंड की काउंटी टीम वॉर्सेस्टरशायर के साथ अपने कार्यकाल के दौरान एक-दूसरे के करीब आए थे। माना जा रहा है कि उनका आपसी तालमेल चेन्नई सुपर किंग्स के नए कोचिंग ढांचे में उपयोगी साबित हो सकता है।खिलाड़ी के रूप में संन्यास लेने के बाद बैटी ने कोचिंग के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बनाई। उनके मार्गदर्शन में सरे की टीम ने 2022 से 2024 के बीच लगातार तीन बार काउंटी चैंपियनशिप का खिताब जीता। इसके अलावा वह द हंड्रेड प्रतियोगिता में एमआई लंदन के सहायक कोच के रूप में भी काम कर चुके हैं।

फॉर्म-6 में कोई बदलाव नहीं, EC ने सुप्रीम कोर्ट को बताया – SIR पर सब सहमत

आईपीएल 2027 में वापसी की कोशिश करेगी चेन्नई
चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2027 से पहले अपने कोचिंग स्टाफ में बड़े बदलाव करके साफ संकेत दिया है कि टीम नए सिरे से शुरुआत करना चाहती है। माइक हसी और एरिक सिमंस जैसे लंबे समय से जुड़े सदस्यों की विदाई के साथ जहीर खान और गैरेथ बैटी जैसे नए चेहरों को जिम्मेदारी दी गई है। अब टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती पिछले सत्रों की निराशा को पीछे छोड़कर मैदान पर बेहतर प्रदर्शन करने की होगी। पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स के प्रशंसकों को उम्मीद होगी कि नया कोचिंग स्टाफ टीम को एक बार फिर खिताब जिताने की राह पर ले जाएगा।