सुबह विवाद, दोपहर में खूनी बदला: सो रहे दोस्त के सिर पर लकड़ी के बत्ते से 35 वार, दिनदहाड़े हत्या का वीडियो आया सामने

Follow Us

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज हत्या ने इलाके में दहशत फैला दी। शहर के ओवरब्रिज रेलवे क्रॉसिंग के नीचे एक हमाल की लकड़ी के बत्ते से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी सो रहे व्यक्ति के सिर पर लगातार वार करता नजर आ रहा है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, सुबह आरोपी और मृतक के बीच नशे की हालत में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान दोनों के बीच मारपीट हुई, जिसमें मृतक ने आरोपी की पिटाई कर दी थी। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि इसी विवाद का बदला लेने के लिए आरोपी दोपहर में वापस लौटा। उस समय मृतक राजेश महाराज चबूतरे पर सो रहा था। आरोपी ने लकड़ी के बत्ते से उसके सिर पर लगातार करीब 30 से 35 वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी एमबी पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी एमबी पटेल ने बताया कि मृतक और आरोपी दोनों हमाल का काम करते थे और नशे के आदी थे। दोनों के बीच सुबह विवाद और मारपीट हुई थी, जिसे आसपास मौजूद लोगों ने शांत करा दिया था। इसके बाद दोपहर में आरोपी ने सो रहे राजेश महाराज पर लकड़ी के बत्ते से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।