नई दिल्ली।दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि हर मौजूदा मतदाता को दो प्रतियों में गणना प्रपत्र (Enumeration Form) दिया जाएगा। मतदाता को एक भरा हुआ फॉर्म BLO को जमा करना होगा और उसकी रसीद (Acknowledgement) लेनी होगी।
उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं और कोई अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा। अगर घर बंद मिलता है तो BLO कम से कम 3 बार वहां जाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि 5 अगस्त को मतदाता सूची का ड्राफ्ट (प्रारूप)प्रकाशित किया जाएगा। वहीं 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावे (Claims) और आपत्तियां (Objections) दर्ज कराई जा सकेंगी। इसके साथ ही 3 अक्टूबर तक सभी दावों और आपत्तियों का निपटारा किया जाएगा।
जांच और अपील की व्यवस्था
उन्होंने कहा कि सिर्फ वास्तविक और योग्य मतदाताओं को ही गणना (Enumeration) फॉर्म भरकर जमा करना होगा। उन्होंने कहा कि चुनावी लिस्ट में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कई स्तरों पर जांच और अपील की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि अगर किसी मतदाता के विवरण में कोई संदेह या गड़बड़ी मिलती है, तो ERO सबसे पहले ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित करेंगे। जिन मामलों में विसंगति होगी, वहां संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी पक्षों को सुनने के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
वर्तमान मतदाताओं के आंकड़े
दिल्ली के वर्तमान मतदाताओं के आंकड़ों पर नजर डालें तो कुल मतदाता 1,45,10,298 हैं. जिनमें 77,11,132 पुरुष, 67,98,142 महिला है। वहीं 1,024 थर्ड जेंडर , 76,155 दिव्यांग (PWD), 3,29,130 18-19 वर्ष आयु वर्ग के मतदाता और 192 100 वर्ष या उससे अधिक आयु के मतदाता हैं।
