दुर्ग। युवाओं को रोजगार के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हेमचंद यादव विश्वविद्यालय और जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र मिलकर जिला स्तरीय मेगा रोजगार मेला लगाने जा रहे हैं। मेले का आयोजन 10 जुलाई को सुबह 10 बजे से सायं 4 बजे तक पोटियाकला स्थित विश्वविद्यालय परिसर के नवीन प्रशासनिक भवन में किया जाएगा।
इस मेगा रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा 2500 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। रोजगार मेले में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, मुथूट फाइनेंस, एडको, क्वेस, रैंडस्टेड, जीनस, ड्रूल्स, एबिस, हीरा, स्काई ऑटोमोबाइल, शिवनाथ ग्रुप, स्क्वेयर सहित अन्य प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी एवं योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।
रोजगार मेले में 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, स्नातक, स्नातकोत्तर तथा अन्य व्यावसायिक योग्यताधारी अभ्यर्थियों को रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। अभ्यर्थियों के लिए ऑन-द-स्पॉट साक्षात्कार की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस रोजगार मेले में भाग लेने हेतु किसी भी प्रकार का पंजीयन शुल्क अथवा अन्य शुल्क देय नहीं होगा।
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए तैयार किए गए विशेष पेम्फलेट में रोजगार मेले का स्थल, रिक्तियों का विवरण तथा छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप डाउनलोड करने हेतु क्यूआर कोड (QR Code) की व्यवस्था की गई है, जिससे प्रतिभागियों को आवश्यक जानकारी एक ही स्थान पर प्राप्त हो सकेगी।
मेले में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ बायोडाटा (Resume), शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की 2-2 प्रतियों के साथ रोजगार पंजीयन कार्ड, आधार कार्ड और पासपोर्ट आकार के नवीनतम फोटो लाना अनिवार्य है. अभ्यर्थियों की सुविधा हेतु पूर्व पंजीयन के लिए गूगल फॉर्म उपलब्ध कराया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी अपना पूर्व पंजीयन https://forms.gle/hVqZzP3ZkySRMHGA8 के माध्यम से कर सकते हैं।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल www.erojgar.cg.gov.in तथा Chhattisgarh Rojgar App का उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल नंबर 8120751111, 9669018777, 7000397968 पर संपर्क किया जा सकता है. हेमचंद यादव विश्वविद्यालय एवं जिला रोजगार कार्यालय की ओर से जिले एवं आसपास के क्षेत्रों के अधिकाधिक युवाओं से इस रोजगार मेले में भाग लेकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने का आग्रह किया है।
