कारीगर बनकर 60 ग्राम सोना किया पार, राजस्थान के जोधपुर से पकड़ा गया शातिर चोर

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में कारीगर बनकर सोना चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय आरोपी को पुलिस ने राजस्थान के जोधपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला है और उसने आभूषण बनाने के लिए दिए गए 60 ग्राम कच्चे सोने को चोरी कर लिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 40 ग्राम कच्चा सोना और घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 4 लाख 70 हजार रुपये बताई गई है।यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना गोलबाजार पुलिस की संयुक्त टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों की मॉनिटरिंग में की। मामला गोलबाजार थाना क्षेत्र का है।

आभूषण बनाने के लिए दिया था 60 ग्राम सोना
पुलिस के अनुसार, नयापारा शंकर चौक निवासी नंदकिशोर सोनी की एलजी डाई कटिंग की दुकान है, जहां सोने के आभूषण बनाने का काम होता है। दुकान में राजू डोलाई नामक कारीगर काम करता था।11 जनवरी 2026 को दुकान संचालक ने आभूषण तैयार करने के लिए राजू को 60 ग्राम कच्चा सोना दिया था। उस समय सोने की कीमत करीब 7 लाख 80 हजार रुपये बताई गई थी। सोना मिलने के बाद राजू ने उसे दुकान में रखी कारीगर आलमारी में रख दिया।इसके कुछ समय बाद राजू अचानक काम पर आना बंद हो गया। दुकान संचालक ने जब उसके बारे में जानकारी लेने की कोशिश की तो वह अपने निवास पर भी नहीं मिला। उसके अचानक गायब होने पर दुकान संचालक को संदेह हुआ।15 जनवरी 2026 को कारीगर की आलमारी की जांच की गई तो उसमें रखा 60 ग्राम कच्चा सोना गायब मिला। इसके बाद दुकान संचालक ने गोलबाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई।

मामला दर्ज कर शुरू की गई तलाश
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी राजू के खिलाफ अपराध क्रमांक 16/26 के तहत धारा 306 बीएनएस में मामला दर्ज किया और उसकी तलाश शुरू कर दी।सोने की बड़ी मात्रा और आरोपी के फरार होने को देखते हुए पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। लंबित मामलों की समीक्षा के दौरान पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र तारकेश्वर पटेल ने संपत्ति संबंधी मामलों की समीक्षा की।वरिष्ठ अधिकारियों ने फरार आरोपियों की पतासाजी कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गोलबाजार पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले की जांच तेज की।

तकनीकी जांच से राजस्थान में मिली लोकेशन
पुलिस टीम ने शिकायतकर्ता से घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाई और आरोपी से संबंधित तकनीकी पहलुओं का विश्लेषण किया। जांच के दौरान सामने आया कि वारदात के बाद आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलकर फरार चल रहा था।पुलिस ने तकनीकी जानकारी और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर आरोपी की गतिविधियों का पता लगाने का प्रयास किया। इसी दौरान उसकी लोकेशन राजस्थान के जोधपुर में सामने आई।लोकेशन की पुष्टि होने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस की संयुक्त टीम राजस्थान के लिए रवाना हुई। जोधपुर पहुंचने के बाद टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर निगरानी रखी और स्थानीय स्तर पर उसकी तलाश शुरू की।

जोधपुर से आरोपी गिरफ्तार
लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने आरोपी राजू डोलाई को चिन्हांकित कर पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया 40 ग्राम कच्चा सोना और घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 4.70 लाख रुपये बताई गई है।फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर चोरी किए गए बाकी सोने के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।