रायपुर के कटोरा तालाब में दिवाली की रात आगजनी, पटाखों की चिंगारी से दुकानों की सजावट जली

Follow Us

रायपुर। दीपावली की रात कटोरा तालाब स्थित संत कंवरराम चौक के पास पटाखों से निकली चिंगारी के कारण आग लग गई। सड़क पर पटाखे फोड़ने के दौरान एक चिंगारी दुकानों के बाहर लगाए गए सजावटी सामान पर जा गिरी। देखते ही देखते डेकोरेशन में आग फैल गई और आसपास की दो से तीन दुकानों के बाहरी हिस्से इसकी चपेट में आ गए।

अचानक आग की लपटें उठने से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। दुकानदारों ने अपने सामान को बचाने की कोशिश की। सजावट में इस्तेमाल होने वाला सामान ज्वलनशील होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी। हालांकि, लोगों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे आग दुकानों के अंदर तक नहीं पहुंच सकी।

हादसे में दुकानों के बाहर लगा सजावटी सामान जलकर नष्ट हो गया, जबकि अंदर रखा सामान सुरक्षित बच गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। इस घटना ने त्योहारों के दौरान सार्वजनिक स्थानों और दुकानों के आसपास पटाखे फोड़ने से होने वाले खतरे को एक बार फिर सामने ला दिया है।