सड़क किनारे खाना खा रही महिलाओं को बाइक ने मारी टक्कर, एक की मौत; चालक हिरासत में

Follow Us

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के झेराडीह पतरापाली में तेज रफ्तार बाइक ने सड़क किनारे खाना खा रही महिलाओं को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में वृंदावती नाम की महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, झेराडीह पतरापाली इलाके में कुछ महिलाएं खेत में रोपा उखाड़ने का काम पूरा करने के बाद सड़क किनारे बैठकर खाना खा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही पल्सर बाइक ने पीछे से वहां बैठी वृंदावती को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद महिला सड़क पर गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने महिला को तत्काल पत्थलगांव सिविल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया।परिजन महिला को दूसरे अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी हालत बिगड़ गई और अस्पताल पहुंचने से पहले ही वृंदावती ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया। गांव और आसपास के क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।

बाइक चालक हिरासत में
घटना के संबंध में परिजनों की शिकायत के बाद पत्थलगांव थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बाइक चालक सुमित कुमार भगत को हिरासत में लिया है। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।प्रारंभिक जानकारी में बाइक चालक के शराब के नशे में होने का आरोप लगाया गया है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है और हादसे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों और चोटों की स्थिति को लेकर अधिक जानकारी सामने आ सकेगी। वहीं पुलिस घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ कर रही है।