जशपुर में मासूम की हत्या से सनसनी, जल्दी पैसा कमाने के लिए आरोपी ने रची खौफनाक साजिश; AI से ली थी जानकारी

Follow Us

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में चार साल के बच्चे की हत्या का गंभीर मामला सामने आया है। सन्ना थाना क्षेत्र के लोढ़ेनापाठ में हुई इस वारदात के आरोप में पुलिस ने बासुदेव उर्फ टेंगनू को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपी आर्थिक तंगी और जल्द अमीर बनने की चाह में गलत रास्ते पर चला गया। उस पर बच्चे की हत्या करने और उसके शरीर से आंखें व कुछ आंतरिक अंग निकालने का आरोप है।

 

पुलिस के अनुसार, आरोपी गांव में मजदूरी करता था, लेकिन अपनी कमाई से संतुष्ट नहीं था। महंगी बाइक और दूसरी चीजें खरीदने के लिए वह कम समय में अधिक पैसा कमाना चाहता था। इसी सिलसिले में वह लंबे समय से AI और इंटरनेट पर कमाई के तरीकों की जानकारी खोज रहा था। जांच एजेंसियों का दावा है कि उसने मानव अंगों की अवैध खरीद-बिक्री से जुड़ी जानकारी भी जुटाई थी।

 

जांच में सामने आया कि आरोपी बच्चे को बहाने से अपने साथ ले गया और बाद में उसकी हत्या कर दी। इसके बाद कथित तौर पर शरीर से अंग निकालकर खरीदार का इंतजार करने लगा। दो दिनों तक किसी के नहीं पहुंचने पर उसने उन्हें जमीन में गाड़ दिया। पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन और वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। फिलहाल मामले में वैज्ञानिक जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी है।