सीएम साय आज रायगढ़ दौरे पर, अंबेडकर अस्पताल की OPD रहेगी बंद; सरकारी दफ्तर खुले रहेंगे

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज 9 नवंबर को कई अहम गतिविधियां रहेंगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायगढ़ जिले के दौरे पर रहेंगे। वहीं गोवर्धन पूजा के अवसर पर अंबेडकर अस्पताल की ओपीडी बंद रहेगी, जबकि रायपुर और नवा रायपुर के शासकीय कार्यालय खुले रहेंगे। इसके अलावा डूमरतराई स्थित श्रीराम थोक सब्जी मंडी में तीन दिनों तक कारोबार बंद रहेगा।

सीएम साय का रायगढ़ दौरा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायगढ़ जिले के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे दोपहर करीब 12:35 बजे जशपुर से रायगढ़ के लिए रवाना होंगे। यहां लैलूंगा के भुइयापानी गांव स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वापस जशपुर के लिए रवाना होंगे।

अंबेडकर अस्पताल की OPD रहेगी बंद

दीपावली और गोवर्धन पूजा के सार्वजनिक अवकाश के चलते रायपुर के अंबेडकर अस्पताल की ओपीडी आज 9 नवंबर को बंद रहेगी। हालांकि, मरीजों की सुविधा के लिए इमरजेंसी सेवाएं जारी रहेंगी। अस्पताल प्रबंधन ने संबंधित मेडिकल स्टाफ को आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।

सरकारी दफ्तरों में आज नहीं रहेगी छुट्टी

गोवर्धन पूजा के अवसर पर रायपुर और नवा रायपुर अटल नगर के शासकीय कार्यालयों में आज स्थानीय अवकाश नहीं रहेगा। राज्य सरकार ने 9 नवंबर के स्थानीय अवकाश में बदलाव करते हुए अब 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी पर छुट्टी घोषित की है।

तीन दिन बंद रहेगी सब्जी मंडी

डूमरतराई स्थित श्रीराम थोक सब्जी बाजार में 9 से 11 नवंबर तक कारोबार बंद रहेगा। इस दौरान लगातार तीन दिनों तक मंडी में खरीद-बिक्री नहीं होगी।