CG Breaking: सक्ती में दिनदहाड़े युवती की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश फरार

Follow Us

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। यह घटना सक्ती थाना क्षेत्र के जोंगरा गांव की बताई जा रही है। मृतका की पहचान पूर्णिमा चौहान के रूप में हुई है, जो हर्बल लाइफ के उत्पादों का व्यवसाय करती थीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो युवक बाइक पर सवार होकर पहुंचे और दोनों ने अपना चेहरा नकाब से ढक रखा था। आरोपियों ने पूर्णिमा चौहान पर अचानक गोली चला दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ीं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही सक्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आपसी रंजिश, व्यावसायिक विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।