भारत-पाक के बीच ‘ट्रैक-2’ वार्ता का नया दौर, श्रीलंका और थाईलैंड में हुई अहम बैठक

Follow Us

नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच आधिकारिक स्तर की बातचीत भले ही फिलहाल ठप हो, लेकिन दोनों देशों के बीच तनाव कम करने और संवाद के रास्ते तलाशने के लिए ‘ट्रैक-2’ कूटनीति का नया दौर शुरू हुआ है। हाल ही में श्रीलंका की राजधानी कोलंबो और थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में दोनों देशों के प्रतिनिधियों के बीच कई दौर की अनौपचारिक बैठकें आयोजित की गईं। जानकारी के अनुसार, इस सप्ताह दोनों देशों के पूर्व राजनयिकों, सैन्य अधिकारियों और रणनीतिक विशेषज्ञों ने ‘ट्रैक-2’ वार्ता के तहत आतंकवाद, जल विवाद और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान तनाव कम करने और भविष्य में औपचारिक संवाद का रास्ता तैयार करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

सूत्रों के मुताबिक, अब तक दोनों पक्षों के बीच तीन से चार दौर की बैठकें हो चुकी हैं। इन बैठकों में साझा किए गए सुझावों और निष्कर्षों को भविष्य में आधिकारिक ‘ट्रैक-1’ कूटनीतिक चैनलों तक पहुंचाने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। ‘ट्रैक-2’ कूटनीति सरकारी स्तर की औपचारिक बातचीत नहीं होती, बल्कि इसमें पूर्व अधिकारी, विशेषज्ञ और नीति विश्लेषक शामिल होते हैं। इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच संवाद बनाए रखना, मतभेद कम करना और औपचारिक वार्ता के लिए सकारात्मक माहौल तैयार करना होता है।

भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से आधिकारिक वार्ता रुकी हुई है। ऐसे में विशेषज्ञों का मानना है कि ‘ट्रैक-2’ संवाद भविष्य में दोनों देशों के बीच रिश्तों को सामान्य बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।