कांकेर। छत्तीसगढ़ में भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त मछुआ कल्याण बोर्ड अध्यक्ष भरत मटियारा का हैदराबाद में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, भरत मटियारा पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। करीब एक महीने पहले उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद पहले रायपुर में उपचार कराया गया।
स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। भरत मटियारा दो बार भाजपा जिला अध्यक्ष रह चुके थे और दूसरी बार मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। संगठन और समाज के बीच उनकी सक्रिय भूमिका के कारण वे क्षेत्र में काफी लोकप्रिय माने जाते थे। उनके निधन पर राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने गहरा दुख जताया है।
