फिट इंडिया की अनोखी पहल: जीएसटी और कस्टम्स विभाग ने निकाली साइकिल रैली, स्वास्थ्य जागरूकता का दिया संदेश

Follow Us

रायपुर। फिट इंडिया मूवमेंट के तहत रविवार को रायपुर में “संडेस ऑन साइकिल” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस बार कार्यक्रम की थीम “GST एंड कस्टम्स” रखी गई, जिसके तहत सेंट्रल GST एवं कस्टम्स विभाग ने साइकिल रैली निकालकर लोगों को फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया। सुबह 6 बजे टिकरापारा स्थित GST मुख्यालय से साइकिल रैली की शुरुआत हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ आयुक्त (अपील) एम.पी. मीणा ने हरी झंडी दिखाकर किया।

रैली में विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ उद्योग एवं व्यापार जगत से जुड़े प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने हिस्सा लिया। साइकिल रैली शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए गांधी उद्यान, सिविल लाइंस पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। समापन कार्यक्रम में अधिकारियों ने नियमित व्यायाम, साइकिल चलाने और फिट रहने के महत्व पर जोर दिया।

 

इस दौरान संयुक्त आयुक्त अमित चौधरी, कार्यक्रम नोडल अधिकारी मनोज ओझा और सहायक आयुक्त आर.के. स्वर्णकार ने लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। वहीं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण के लिए साइकिल उपयोग को जरूरी बताया। कार्यक्रम में कैट छत्तीसगढ़, चैंबर ऑफ कॉमर्स और विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। आयोजन का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना था।