वायरल ऑडियो पर बड़ी कार्रवाई: ड्राइवर से अभद्र बातचीत करने वाले इंजीनियर निलंबित

Follow Us

जांजगीर-चांपा। जांजगीर में वायरल ऑडियो मामले में जल संसाधन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कार्यपालन अभियंता शशांक सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन पर अपने ड्राइवर से मोबाइल फोन पर अमर्यादित भाषा में बातचीत करने और अधिकारियों को लेकर अशोभनीय टिप्पणी करने का आरोप लगा था। बताया जा रहा है कि, इंजीनियर और ड्राइवर के बीच हुई बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था।

ऑडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया और जिला प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए शशांक सिंह और ड्राइवर शशिकांत से जवाब तलब किया था। जांच के दौरान विभाग को संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर जल संसाधन विभाग ने कार्रवाई करते हुए शशांक सिंह को निलंबित कर दिया। साथ ही उन्हें नवा रायपुर स्थित प्रमुख अभियंता कार्यालय से अटैच किया गया है। इस कार्रवाई के बाद विभागीय कर्मचारियों और प्रशासनिक हलकों में मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।