बलरामपुर-रामानुजगंज को 71.48 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, कम उपज वाले किसानों को भी मिलेगी पूरी आदान सहायता: सीएम साय

Follow Us

बलरामपुर-रामानुजगंज। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार शाम बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में आयोजित करमा महोत्सव के अवसर पर 71 करोड़ 48 लाख रुपये के 694 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। उन्होंने घोषणा की कि प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी कृषक उन्नति योजना के तहत 13,839 रुपये प्रति एकड़ की पूरी आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

वाड्रफनगर विकासखंड के रघुनाथनगर स्थित शासकीय हाई स्कूल मैदान में आयोजित महोत्सव में मुख्यमंत्री ने 54 करोड़ 21 लाख रुपये के 672 विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा 17 करोड़ 27 लाख रुपये के 22 कार्यों का लोकार्पण किया। आज मिली जानकारी के अनुसार साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं। करमा महोत्सव लोकआस्था, प्रकृति के प्रति सम्मान और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। राज्य सरकार जनजातीय संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ दूरस्थ अंचलों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

छत्तीसगढ़ी पत्रिका ‘सुरहुत्ती’ और पंचांग ‘बछर’ का मुख्यमंत्री साय ने किया विमोचन

मुख्यमंत्री ने वाड्रफनगर में उप पंजीयक कार्यालय भवन, रघुनाथनगर एवं बरतीकला में मंगल भवन निर्माण तथा महेवा में विद्युत सब स्टेशन की स्थापना की घोषणा की। उन्होंने रकसगंडा को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने और वाड्रफनगर के अधूरे नगर वन पार्क का निर्माण पूरा कराने की भी घोषणा की। लोकार्पित एवं भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में भगवानपुर से मेंढ़ारी तथा डिण्डो-विमलापुर-नावाडीह सड़क निर्माण, सात नल-जल योजनाएं, रामानुजगंज अस्पताल में डायलिसिस यूनिट, 12 आंगनबाड़ी भवन, राजपुर में एसडीएम कार्यालय तथा चान्दो में तहसील कार्यालय भवन शामिल हैं।

साय ने कहा कि प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है। किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष 360 नए धान खरीदी केंद्र खोले गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम उपज वाले किसानों को भी कृषक उन्नति योजना के तहत पूरी आदान सहायता राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की 68 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण को प्राथमिकता देकर कार्य कर रही है।

छत्तीसगढ़ में बढ़ी रात की ठंड, बलरामपुर में न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए जिला प्रशासन की पहल पर शुरू किए गए वृद्धजन क्लिनिक का शुभारंभ किया। क्लिनिक में पृथक पंजीयन काउंटर, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, जेरियाट्रिक फिजियोथेरेपी, इन्फ्रारेड थेरेपी और आयुष चिकित्सा सहित विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। कार्यक्रम के दौरान आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर में 7,259 लोगों ने चिकित्सा सेवाओं का लाभ लिया। मुख्यमंत्री ने दूरस्थ क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के प्रयासों की सराहना की।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने जिले में कुपोषण दूर करने के लिए संचालित ‘बालभोग’ नवाचार की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत ग्रामीण महिलाओं द्वारा रागी, सत्तू और श्रीअन्न से तैयार पौष्टिक लड्डू कुपोषित बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं। पोषण सखियों के माध्यम से बच्चों की पोषण संबंधी प्रगति की नियमित निगरानी भी की जा रही है। कार्यक्रम में सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज, प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते, पूर्व गृह मंत्री एवं वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनि निकुंज तथा जनपद पंचायत अध्यक्ष शशि सिंह पोर्ते सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

छत्तीसगढ़ में बढ़ी रात की ठंड, बलरामपुर में न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री