बांकेबिहारी के दर्शन करने वृंदावन पहुंचीं शिल्पा शेट्टी, मंदिर में उमड़ी प्रशंसकों की भीड़

Follow Us

मथुरा। बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी वृंदावन स्थित ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने श्रद्धाभाव के साथ भगवान कृष्ण के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। अभिनेत्री शाम करीब साढ़े सात बजे कड़ी सुरक्षा के बीच मंदिर पहुंचीं। उन्हें देखते ही मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और प्रशंसकों में उत्साह देखने को मिला। शिल्पा शेट्टी को देखकर प्रशंसक उनकी ओर बढ़ने लगे। हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था के तहत लगाई गई रेलिंग के कारण श्रद्धालु उनके नजदीक नहीं पहुंच सके। इस दौरान भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। अभिनेत्री ने मंदिर में ठाकुरजी के जयकारे भी लगाए। दर्शन के बाद मंदिर के सेवायतों ने उन्हें प्रसाद स्वरूप अंगवस्त्र, माला और मुरली भेंट की।

यह पहला मौका नहीं है, जब शिल्पा शेट्टी भगवान बांकेबिहारी के दर्शन के लिए वृंदावन पहुंची हैं। इससे पहले जुलाई 2022 में भी उन्होंने वृंदावन का दौरा किया था। उस समय उन्होंने बांकेबिहारी मंदिर के साथ प्रेम मंदिर में भी दर्शन किए थे। अपनी पिछली धार्मिक यात्रा के दौरान अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर खुशी जाहिर की थी। उन्होंने दर्शन में सहयोग के लिए अभिनेत्री हेमा मालिनी का आभार भी व्यक्त किया था।

वृंदावन का बांकेबिहारी मंदिर देश के प्रमुख कृष्ण भक्ति केंद्रों में शामिल है। यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान कृष्ण के दर्शन करने पहुंचते हैं। मंदिर में स्वामी हरिदास की भक्ति परंपरा का विशेष महत्व है। एकादशी, पूर्णिमा और सार्वजनिक अवकाश के अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ जाती है। मंदिर प्रशासन भी अधिक भीड़ वाले दिनों में बुजुर्गों और छोटे बच्चों के साथ आने वाले परिवारों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह देता है।