रायपुर में अवैध कबाड़ कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 20 ठिकानों पर छापेमारी में 8 टन स्क्रैप जब्त

Follow Us

रायपुर। शहर में अवैध कारोबार और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए रायपुर कमिश्नरेट के उत्तर जोन पुलिस ने कबाड़ियों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान उरला और खमतराई थाना क्षेत्रों में कुल 20 कबाड़ियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। जांच के दौरान 10 कबाड़ियों के यहां बिना वैध दस्तावेज के रखा गया करीब 8 टन स्क्रैप जब्त किया गया।

यह कार्रवाई डीसीपी उत्तर जोन दीपमाला कश्यप के मार्गदर्शन तथा एडीसीपी आदित्य पांडे और एसीपी पूर्णिमा लामा के निर्देशन में की गई। अभियान के तहत उरला थाना पुलिस ने 8 कबाड़ियों और खमतराई थाना पुलिस ने 12 कबाड़ियों के ठिकानों की जांच की। इनमें उरला क्षेत्र के 6 और खमतराई क्षेत्र के 4 कबाड़ियों के यहां अनियमितताएं मिलने पर कार्रवाई करते हुए स्क्रैप जब्त किया गया।

पुलिस द्वारा कबाड़ कारोबारियों से स्क्रैप की खरीदी-बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज, रजिस्टर और लाइसेंस की जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध दस्तावेज के स्क्रैप रखने और चोरी का माल खरीदने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पूरी कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत की गई।

उत्तर जोन पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।