नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने जातिगत भेदभाव, छुआछूत और सामाजिक असमानताओं को चुनौती देने तथा महिला शिक्षा को बढ़ावा देने में फुले की अग्रणी भूमिका को याद किया।
खरगे ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर ‘क्रांतिसूर्य’ के नाम से लोकप्रिय ज्योतिबा फुले को सामाजिक न्याय, समानता और महिला शिक्षा का अग्रदूत बताया। उन्होंने कहा कि उनके विचार और आदर्श समतामूलक एवं न्यायपूर्ण समाज के निर्माण की दिशा में निरंतर प्रेरित करते रहेंगे। खरगे ने कहा, “सामाजिक न्याय, समानता और महिला शिक्षा के अग्रदूत महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि पर मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।” जातिगत भेदभाव, छुआछूत और अन्य सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ फुले के आजीवन संघर्ष को याद करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उनके प्रयास भारत में सामाजिक बदलाव के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गए हैं।
बच्चों पर अव्वल आने का दबाव न डालें अभिभावक, प्रतिभा को दें प्राथमिकता: वित्त मंत्री चौधरी
उन्होंने कहा, “उनके विचार और आदर्श हमें समतामूलक, शिक्षित और न्यायपूर्ण समाज के निर्माण की दिशा में निरंतर मार्ग दिखाते रहेंगे।” महाराष्ट्र में 11 अप्रैल, 1827 को जन्मे ज्योतिराव गोविंदराव फुले 19वीं सदी के भारत के प्रमुख समाज सुधारकों में से एक थे। उन्होंने अपनी पत्नी सावित्रीबाई फुले के साथ मिलकर महिला शिक्षा के आंदोलन का नेतृत्व किया और उस दौर में महिलाओं तथा वंचित समुदायों के उत्थान के लिए काम किया क्योंकि उस समय गहराई तक जड़ें जमा चुकी सामाजिक प्रथाएं उन्हें बुनियादी अधिकारों और अवसरों से वंचित रखती थीं।
इस दंपति ने 1848 में पुणे में लड़कियों के लिए भारत के शुरुआती स्कूलों में से एक की स्थापना की। इस कदम ने तत्कालीन सामाजिक रूढ़ियों को चुनौती दी और महिलाओं की शिक्षा के नए रास्ते खोले। उनके प्रयासों ने समाज के वंचित वर्गों के लिए शिक्षा, गरिमा और समान अधिकारों की वकालत करने वाले व्यापक आंदोलन की नींव रखी।
वर्ष 1873 में फुले ने सामाजिक समानता को बढ़ावा देने तथा जातिगत पदानुक्रम, धार्मिक रूढ़िवाद और शोषणकारी सामाजिक प्रथाओं को चुनौती देने के लिए सत्यशोधक समाज की स्थापना की। अपने लेखन और सुधारवादी गतिविधियों के माध्यम से उन्होंने जाति व्यवस्था की वैधता पर सवाल उठाए और सभी के लिए समान अवसर तथा सम्मान की पैरवी की। इसमें विशेष रूप से उन समुदायों पर ध्यान दिया गया, जिन्हें पीढ़ियों से भेदभाव का सामना करना पड़ा था।
फुले का निधन 28 नवंबर, 1890 को हुआ था। उनके निधन के एक सदी से अधिक समय बाद भी भारत के सामाजिक सुधार आंदोलन में उनका योगदान महत्वपूर्ण बना हुआ है। उनकी विरासत सामाजिक न्याय, समानता, शिक्षा और वंचित समुदायों के अधिकारों के लिए चल रहे आंदोलनों को प्रेरित करती रही है।
