सूरजपुर। जिले में जुआ गतिविधियों को लेकर पुलिस विभाग ने कार्रवाई करते हुए प्रतापपुर थाना प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। प्रतापपुर थाना क्षेत्र में जुआ फड़ संचालित होने और स्थानीय पुलिसकर्मियों की कथित मिलीभगत सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने यह कदम उठाया। जानकारी के अनुसार, 27 नवंबर को प्रतापपुर बस स्टैंड के पास जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस अधीक्षक आईपीएस योगेश कुमार पटेल ने जिला स्तरीय टीम को मौके पर भेजकर छापेमारी कराई। कार्रवाई के दौरान सात जुआरियों के कब्जे से 99 हजार 600 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, सात मोबाइल फोन और कई चालान जब्त किए गए।
जांच में जुआ फड़ संचालित होने के मामले में प्रतापपुर निवासी जयभगवान अग्रवाल और थाने के कुछ पुलिसकर्मियों के बीच कथित सांठ-गांठ की बात सामने आई। थाना क्षेत्र में जुआ गतिविधियों पर कार्रवाई नहीं किए जाने और संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक ने निलंबन का आदेश जारी किया। निलंबित पुलिसकर्मियों में थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश पुरैना, उप निरीक्षक विवेक खलखो, आरक्षक राजेश तिवारी, आरक्षक भीमेश रामो और आरक्षक राजकुमार पासवान शामिल हैं। निलंबन के बाद सभी को रक्षित केंद्र सूरजपुर में संबद्ध किया गया है।
आदेश के अनुसार, निलंबित अधिकारी-कर्मचारी सक्षम अधिकारी की पूर्व लिखित अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
