छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: यूएई से प्रत्यर्पित विकास अग्रवाल 30 नवंबर तक ईओडब्ल्यू की हिरासत में

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में 1,280 करोड़ रुपये से अधिक की कथित आर्थिक अनियमितताओं के मामले में फरार आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया है। रायपुर की रिमांड कोर्ट ने आरोपी को 30 नवंबर तक आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्ल्यू) की रिमांड पर सौंप दिया है।

विकास अग्रवाल को शुक्रवार देर रात करीब 11:30 बजे रायपुर की रिमांड कोर्ट में पेश किया गया। एसीबी की विशेष अदालत में न्यायाधीश की अनुपस्थिति के कारण आरोपी को रिमांड कोर्ट में पेश किया गया, जहां एसीबी-ईओडब्ल्यू ने पूछताछ के लिए उसकी रिमांड मांगी। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद रिमांड मंजूर कर ली। अदालती प्रक्रिया पूरी होने के बाद रात 12:33 बजे ईओडब्ल्यू के अधिकारी आरोपी को एसीबी-ईओडब्ल्यू कार्यालय लेकर पहुंचे। उसे सोमवार को पुनः अदालत में पेश किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ पुलिस के अनुरोध पर इंटरपोल ने विकास अग्रवाल के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। इसके आधार पर यूएई की एजेंसियों ने उसे गिरफ्तार किया था। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय के समन्वय से प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे भारत लाने में सफलता हासिल की।

भारतीय गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड को 356 रन पर रोका

ईओडब्ल्यू प्रमुख पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अमरेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) रोशन आहूजा और डीएसपी राहुल शर्मा की टीम आरोपी को लेकर रायपुर पहुंची। अदालत में बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता शशांक मिश्रा ने भारत और यूएई के बीच प्रत्यर्पण संधि तथा प्रत्यर्पण अधिनियम का हवाला देते हुए कहा कि आरोपी पर उसी अपराध के तहत कार्रवाई और ट्रायल किया जा सकता है, जिसके आधार पर उसे भारत लाया गया है। प्रत्यर्पण के आधार से अलग कोई नया अपराध नहीं जोड़ा जाना चाहिए।

बचाव पक्ष ने आरोपी को यूएई से भारत लाने की प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेज भी पेश करने की मांग की। साथ ही कहा कि पूछताछ के दौरान उसके मानवाधिकारों का उल्लंघन न हो। इसके लिए एजेंसी के किसी अधिकृत अधिकारी की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए, ताकि पूछताछ की प्रक्रिया पर निगरानी रखी जा सके।

जांच एजेंसी के मुताबिक, विकास अग्रवाल कथित शराब सिंडिकेट में फंड मैनेजर यानी ‘मनीमैन’ की भूमिका निभाता था। उसे सिंडिकेट में कारोबारी अनवर ढेबर का करीबी और ‘राइट हैंड’ बताया गया है। आरोप है कि वह शराब कारोबार से जुड़े लोगों और अधिकारियों के बीच कमीशन की रकम के लेनदेन तथा उसके प्रबंधन में मदद करता था।

एजेंसी का आरोप है कि वर्ष 2019 से 2022 के बीच शराब वितरण व्यवस्था में हुई अनियमितताओं के कारण राज्य के खजाने को 1,280 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ। जांच एजेंसी के मुताबिक, विकास अग्रवाल के खिलाफ वर्ष 2022 में गैर-जमानती वारंट जारी कराने की कार्रवाई की गई थी। इस मामले में नवंबर 2024 में आरोपपत्र भी दाखिल किया जा चुका है। इसके बावजूद वह भारत में जांच और अदालती कार्रवाई से दूर यूएई में रह रहा था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वह वहां बोस्टन कंसल्टिंग नामक कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत था।

खरगे ने ज्योतिबा फुले को पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि, सामाजिक न्याय और समानता के लिए उनके संघर्ष को किया याद

इस बीच, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को शराब घोटाले से जुड़े कथित मैनपावर और ओवरटाइम घोटाले की जांच के सिलसिले में रायपुर, धमतरी, भिलाई, राजनांदगांव और बिलासपुर में विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की। ईडी की टीम ने रायपुर के जोरा स्थित सहायक वित्त अधिकारी (होमगार्ड और जेल) राजेंद्र सिंह के आवास, धमतरी में अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन सिंह के सरकारी बंगले तथा भिलाई में एक होटल कारोबारी के ठिकानों पर दबिश दी। राजनांदगांव और बिलासपुर में भी आबकारी अधिकारियों एवं शराब कारोबार से जुड़े लोगों के ठिकानों पर जांच की गई।

रायपुर के जोरा में राजेंद्र सिंह के आवास पर ईडी की टीम सुबह 11 बजे पहुंची थी, जहां देर शाम तक जांच जारी रही। राजेंद्र सिंह वर्तमान में जेल विभाग में पदस्थ हैं। धमतरी में अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन सिंह के सरकारी आवास पर जांच के दौरान उनके पति एवं हाल ही में जेल से रिहा हुए निलंबित आबकारी अधिकारी नवीन प्रताप सिंह तोमर भी मौजूद थे। ईडी की टीम ने दस्तावेजों की जांच के साथ डिजिटल साक्ष्य भी जुटाए। छत्तीसगढ़ से जुड़े आर्थिक अपराधों के मामलों में विदेश से आरोपियों के प्रत्यर्पण की दिशा में इसे दूसरी महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। इससे पहले महादेव सट्टा मामले में सौरभ चंद्राकर को विदेश से भारत लाया गया था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शराब घोटाले के मामले में केके श्रीवास्तव को छोड़कर अधिकांश प्रमुख आरोपी फिलहाल जमानत पर बाहर हैं। इनमें तत्कालीन आबकारी मंत्री कवासी लखमा, सौम्या चौरसिया, पूर्व आईएएस अधिकारी अनिल टुटेजा, निरंजन दास, एपी त्रिपाठी, अनवर ढेबर और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल शामिल हैं। कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को भी शराब घोटाले के मामले में जमानत मिल चुकी है, हालांकि अन्य लंबित मामलों के चलते वह रायपुर केंद्रीय जेल में बंद हैं।

बच्चों पर अव्वल आने का दबाव न डालें अभिभावक, प्रतिभा को दें प्राथमिकता: वित्त मंत्री चौधरी

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के कथित शराब घोटाले की जांच ईडी और एसीबी-ईओडब्ल्यू कर रही हैं। ईडी की जांच के आधार पर एसीबी में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच एजेंसी का आरोप है कि तत्कालीन भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में आईएएस अधिकारी अनिल टुटेजा, आबकारी विभाग के एमडी एपी त्रिपाठी और कारोबारी अनवर ढेबर से जुड़े कथित सिंडिकेट के माध्यम से आर्थिक अनियमितताओं को अंजाम दिया गया।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, जांच के शुरुआती चरण में घोटाले की राशि 2,161 करोड़ रुपये बताई गई थी, जो बाद में बढ़कर 2,883 करोड़ रुपये और अब 3,200 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। कथित शराब सिंडिकेट के माध्यम से करीब 1,200 से 1,280 करोड़ रुपये की गड़बड़ी किए जाने का आरोप है। वहीं, ईडी इस मामले में अब तक करीब 1,000 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क अथवा जब्त कर चुकी है।