सर्दियों में खानपान और त्वचा की देखभाल के लिए अपनाएं आयुर्वेद के ये आसान नियम

Follow Us

मौसम बदलने का असर हमारे शरीर और सेहत पर भी पड़ता है। गर्मी, सर्दी और बारिश के मौसम में शरीर की जरूरतें अलग-अलग होती हैं। आयुर्वेद में मौसम के अनुसार खानपान और दिनचर्या में बदलाव करने की सलाह दी गई है। इसे ऋतुचर्या कहा जाता है। इसका उद्देश्य बदलते मौसम में शरीर को स्वस्थ रखने और मौसमी परेशानियों से बचाव में मदद करना है। सर्दियों में ठंडी और शुष्क हवाओं के कारण त्वचा रूखी होने, होंठ फटने और सर्दी-जुकाम जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में खानपान के साथ त्वचा की देखभाल पर भी ध्यान देना जरूरी है।

आयुर्वेद के अनुसार, सर्दियों में शरीर की पाचन शक्ति यानी जठराग्नि अपेक्षाकृत मजबूत रहती है। इस मौसम में शरीर भारी और पौष्टिक भोजन को भी अच्छी तरह पचा सकता है। इसलिए अपनी भूख और शारीरिक जरूरत के अनुसार पर्याप्त भोजन करने की सलाह दी जाती है। दूध और नए अनाज को भी खानपान में शामिल किया जा सकता है। इसके अलावा हरी पत्तेदार सब्जियां, गाजर, मूली, मेथी और मौसमी फल खाने से शरीर को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं। हालांकि, जरूरत से ज्यादा भोजन करने और बहुत ठंडी चीजों के सेवन से बचना चाहिए।

सर्दियों में त्वचा की नमी कम होने से रूखापन और खिंचाव महसूस हो सकता है। आयुर्वेद में इस मौसम में सरसों के तेल से शरीर की मालिश करने की सलाह दी जाती है। नहाने से पहले हल्के हाथों से तेल की मालिश करने से त्वचा को नमी मिल सकती है। वहीं, ठंडी और शुष्क हवाओं के कारण होंठ फटने की समस्या होने पर उन पर दूध की मलाई या घी लगाया जा सकता है। इससे होंठों का रूखापन कम करने में मदद मिल सकती है।

होंठों की देखभाल के लिए शहद और पानी का मिश्रण लगाने का भी सुझाव दिया जाता है। इसके लिए एक भाग शहद में दो भाग पानी मिलाकर होंठों पर लगाया जा सकता है। सर्दियों में खानपान और त्वचा की देखभाल से जुड़े इन आसान उपायों को अपनाकर मौसमी बदलाव के दौरान अपनी सेहत का ध्यान रखा जा सकता है। किसी भी उपाय से एलर्जी या परेशानी होने पर उसका इस्तेमाल बंद कर दें।