रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस को ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। चर्चित सटोरिया बाबू खेमानी के मददगार संदीप और उसके एक साथी को महासमुंद से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस दोनों से लगातार पूछताछ कर रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का बड़ा खुलासा होने की संभावना है। जानकारी के अनुसार, संदीप असरानी बाबू खेमानी का बुआ का लड़का और लंबे समय से ऑनलाइन सट्टा कारोबार में सक्रिय था। पुलिस ने पाया कि संदीप बैंक खाते, सिम कार्ड और अन्य संसाधन उपलब्ध कराता था, जिससे सट्टा नेटवर्क आसानी से संचालित हो सके। बाबू खेमानी से जब्त किए गए कई सिम कार्ड भी संदीप के नाम पर पाए गए हैं।
पुलिस को शक है कि फर्जी दस्तावेजों और रिश्तेदारों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर ऑनलाइन लेन-देन किए जा रहे थे। पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं और सट्टा कारोबार से जुड़े अन्य लोगों, बैंक खातों और लेन-देन की जांच की जा रही है। अब पुलिस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुँचने की कोशिश कर रही है।
