मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों के बीच सीएम सम्राट चौधरी ने की नीतीश कुमार से मुलाकात

Follow Us

पटना। बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सियासी हलकों में चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके 7 सर्कुलर रोड स्थित आवास पर मिले। करीब आधे घंटे चली इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहे।
सम्राट चौधरी ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल नेटवर्किंग साइट एक्स पर साझा करते हुए लिखा कि नीतीश कुमार के अनुभव और मार्गदर्शन से प्रेरणा मिली। इससे पहले नीतीश कुमार ने उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव और पूर्व मंत्री अशोक चौधरी से भी बातचीत की थी।

मुलाकातों को लेकर सियासी अटकलें तेज हो गई हैं, और इन्हें नए मंत्रिमंडल के गठन और जेडीयू नेता निशांत कुमार की आगामी बिहार यात्रा से जोड़कर देखा जा रहा है। 15 अप्रैल को सत्ता परिवर्तन के बाद मुख्यमंत्री और दो उप मुख्यमंत्री ही सभी विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। नए मंत्रिमंडल में पुराने चेहरों की वापसी की संभावना जताई जा रही है, जबकि भाजपा कुछ नए नामों को मौका दे सकती है। पिछली सरकार में भाजपा के दो उप मुख्यमंत्री और 14 मंत्री थे, जबकि जेडीयू के खाते में मुख्यमंत्री सहित 9 मंत्री थे।