नई दिल्ली। ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन (All India Tennis Association) की नई कार्यकारिणी का चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। रिटर्निंग ऑफिसर सुरिंदर गोयल ने सभी पदों के परिणामों की आधिकारिक घोषणा की। घोषणा के अनुसार चिंतन पारिख को संगठन का नया अध्यक्ष चुना गया है, जबकि सुंदर अय्यर को महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ टेनिस जगत के लिए गर्व की बात यह रही कि छत्तीसगढ़ स्टेट टेनिस संघ के महासचिव गुरुचरण सिंह होरा को संयुक्त सचिव (पश्चिम) के पद पर निर्वाचित किया गया है।
गुरुचरण सिंह होरा लंबे समय से राज्य में टेनिस और खेल गतिविधियों के विकास में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनके चयन को खेल जगत में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। माना जा रहा है कि, उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता से संगठन को और मजबूती मिलेगी तथा खिलाड़ियों को नए अवसर प्राप्त होंगे। उपाध्यक्ष पद के लिए 8 सदस्यों का चयन किया गया है, जबकि विभिन्न क्षेत्रों के लिए संयुक्त सचिवों की भी नियुक्ति की गई है। कोषाध्यक्ष के रूप में दिनेश अरोड़ा को जिम्मेदारी दी गई है। छत्तीसगढ़ टेनिस संघ के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने गुरुचरण सिंह होरा को इस उपलब्धि पर बधाई दी है। इस नियुक्ति से राज्य में टेनिस खेल को नई दिशा और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
