छत्तीसगढ़ के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 11 स्वास्थ्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश शुरू, डिप्लोमा और स्नातक कोर्स का मौका

Follow Us

बालोद। छत्तीसगढ़ के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सहबद्ध एवं स्वास्थ्य देखरेख क्षेत्र के 11 पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इनमें तीन डिप्लोमा और आठ स्नातक स्तर के पाठ्यक्रम शामिल हैं। इन कोर्स के माध्यम से विद्यार्थियों को चिकित्सा सेवाओं से जुड़े विभिन्न तकनीकी क्षेत्रों में शिक्षा और प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

डिप्लोमा स्तर पर एनेस्थीसिया एवं ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी, डायलिसिस टेक्नोलॉजी और मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी में प्रवेश दिया जाएगा।

वहीं, स्नातक स्तर पर बैचलर ऑफ फिजिशियन एसोसिएट्स, बैचलर ऑफ साइंस हेल्थ इन्फॉर्मेशन मैनेजमेंट, बैचलर ऑफ मेडिकल रेडियोलॉजी एवं इमेजिंग टेक्नोलॉजी, बैचलर ऑफ एनेस्थीसिया एवं ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी, बैचलर ऑफ रेडिएशन थेरेपी टेक्नोलॉजी, बैचलर्स ऑफ डायलिसिस थेरेपी टेक्नोलॉजी, बैचलर ऑफ ऑप्टोमेट्री और बैचलर ऑफ मेडिकल लेबोरेटरी साइंस शामिल हैं।

इन पाठ्यक्रमों के जरिए विद्यार्थी रेडियोलॉजी एवं इमेजिंग, मेडिकल लैब, एनेस्थीसिया, ऑपरेशन थिएटर, डायलिसिस और ऑप्टोमेट्री जैसे क्षेत्रों में करियर बना सकेंगे। इन पाठ्यक्रमों से प्रशिक्षित युवाओं के लिए अस्पतालों, पैथोलॉजी लैब, ब्लड बैंक, रेडियोलॉजी सेंटर, डायलिसिस यूनिट और नेत्र अस्पतालों में रोजगार की संभावनाएं उपलब्ध होंगी।

अभ्यर्थी प्रवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और अन्य शर्तों के लिए आधिकारिक वेबसाइट cgdme.in का अवलोकन कर सकते हैं। आवेदन जमा करने या शुल्क का भुगतान करने से पहले आधिकारिक प्रवेश अधिसूचना को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है।