दीपावली की खरीदारी को लेकर बाजार में उमड़ी भीड़, मिठाई से लेकर सोने-चांदी और पटाखों की दुकानों पर रही रौनक

Follow Us

धनतेरस और दीपावली पर्व को लेकर शहर में दिखा उत्साह, यातायात व्यवस्था संभालने पुलिस जवान रहे मुस्तैद

कांकेर। दीपावली पर्व को लेकर शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। पर्व की खरीदारी के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग बाजार पहुंचते नजर आए। शहर की प्रमुख सड़कों और दुकानों में दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रही। मिठाई, बताशे, सोने-चांदी के आभूषण, झाड़ू और पटाखों की दुकानों में ग्राहकों की काफी भीड़ देखने को मिली।

धनतेरस और दीपावली को लेकर लोगों में खासा उत्साह नजर आया। परंपरा के अनुसार धनतेरस के दिन झाड़ू खरीदने और उसकी पूजा करने का विशेष महत्व माना जाता है। इसी मान्यता के चलते बाजार में झाड़ू की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही और जमकर खरीदारी हुई। वहीं मिठाई और बताशे की दुकानों में भी लोग पर्व की तैयारियों के लिए खरीदारी करते दिखाई दिए। सोने-चांदी के आभूषणों की दुकानों में भी ग्राहकों की आवाजाही बनी रही।

इसके अलावा पटाखों की दुकानों में भी बच्चों से लेकर बड़ों तक में खासा उत्साह देखने को मिला। लोग परिवार के साथ पहुंचकर अपनी पसंद के पटाखे खरीदते नजर आए। बाजार में उमड़ी भीड़ से व्यापारियों के चेहरों पर भी रौनक दिखाई दी।

15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, सरगुजा के 61 केंद्रों में तैयारियां अंतिम चरण में

इधर बाजार में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और सड़कों पर यातायात पुलिस के जवान लगातार तैनात रहे। जवानों द्वारा वाहन चालकों को समझाइश देने के साथ ही सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों को व्यवस्थित कराया गया, ताकि आवागमन बाधित न हो। पुलिस की टीम लगातार यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में जुटी रही। कुल मिलाकर दीपावली की खरीदारी को लेकर शहर में पूरे दिन उत्सव जैसा माहौल बना रहा।