रायपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 को मंजूरी मिलने पर सांसद संतोष पाण्डेय ने खुशी जाहिर करते हुए राज्य सरकार के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद सरकार ने सबसे पहले गरीबों को आवास उपलब्ध कराने से जुड़ा निर्णय लिया। पिछली भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में जिन आवासों पर रोक लगी थी, उन्हें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार ने प्राथमिकता देते हुए स्वीकृति दी है। प्रदेश के 84 नगरीय निकायों के लिए नए आवास मंजूर किए गए हैं। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को सिर पर छत उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
धनतेरस के अवसर पर मीडिया से चर्चा करते हुए सांसद ने राज्य सरकार द्वारा एक हजार से अधिक पदों पर भर्ती की घोषणा का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने युवाओं को बड़ी सौगात दी है। अग्निवीर योजना के बाद यह छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए एक और महत्वपूर्ण अवसर है।
कांग्रेस की अंदरूनी कलह पर साधा निशाना
कांग्रेस की रैली में शामिल नहीं होने वाले पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी को लेकर संतोष पाण्डेय ने पार्टी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में लोग अपने-अपने विरोधियों के नाम कार्रवाई के लिए भेज रहे हैं। कुछ नेता कार्रवाई करने की तैयारी में हैं, तो कुछ कार्रवाई करवाने में जुटे हैं। इससे पार्टी के भीतर चल रही आपसी खींचतान उजागर हो रही है।
10 जनपथ पर गांधारी का उदाहरण देकर किया पलटवार
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के उस बयान पर भी सांसद ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कांग्रेस को अर्जुन बताते हुए हर चक्रव्यूह तोड़ने की बात कही थी। संतोष पाण्डेय ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस अर्जुन नहीं, बल्कि दुर्योधन है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि 10 जनपथ में गांधारी आंखों पर पट्टी बांधकर बैठी हैं, जिन्हें अपने पुत्र दुर्योधन के अलावा कुछ दिखाई नहीं देता। उन्होंने कांग्रेस के राजनीतिक पतन का दावा भी किया।
बस्तर में शांति और खुशहाली का किया दावा
रामलीला मैदान में कांग्रेस के प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए सांसद ने कहा कि सभा में मंच और कुर्सियां दोनों खाली थीं। वहीं, बस्तर के गांवों में दीप जलाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कोंटा, दंतेवाड़ा, कोंडागांव सहित अन्य क्षेत्रों में खुशी का माहौल है। उन्होंने दावा किया कि बस्तर में अब अमन-चैन की बयार बह रही है और दीपों की रोशनी से पूरा क्षेत्र जगमगाएगा।
