एशियन पैरा गेम्स के पदक विजेताओं को मुख्यमंत्री साय ने किया सम्मानित, 82 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार रात एशियन पैरा गेम्स 2026 में पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले दो खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने पैरा तीरंदाजी में स्वर्ण पदक विजेता तोमन कुमार को 51 लाख रुपये और पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक विजेता अभिजीत सखूजा को 31 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में साय ने दोनों खिलाड़ियों को शाल और बस्तर कला का प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए अपने साहस, संकल्प और मेहनत से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की है। उनकी उपलब्धियां प्रदेश की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

आईसीसी ने 2032-35 चक्र के लिए शेड्यूल किया तैयार

बालोद जिले के नवागांव निवासी तोमन कुमार केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की कोबरा बटालियन में कार्यरत थे। वर्ष 2022 में झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान हुए आईईडी विस्फोट में गंभीर रूप से घायल होने के कारण उन्हें अपना बायां पैर गंवाना पड़ा था। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और वर्ष 2023 में पैरा तीरंदाजी का अभ्यास शुरू किया। निरंतर मेहनत और अनुशासन के बल पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया।

साय ने तोमन कुमार की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा में योगदान देने वाले इस पूर्व जवान ने खेल के मैदान में भी अपनी अदम्य इच्छाशक्ति का परिचय दिया है। नक्सली हमले में पैर गंवाने के बावजूद उनका देश के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा कम नहीं हुआ। वहीं, बिलासपुर निवासी अभिजीत सखूजा बचपन से क्लब फुट की शारीरिक चुनौती का सामना कर रहे हैं। उन्होंने अपनी इस चुनौती को खेल प्रतिभा के विकास में बाधा नहीं बनने दिया और पैरा बैडमिंटन में लगातार अभ्यास के माध्यम से एशियन पैरा गेम्स में कांस्य पदक हासिल किया।

डेविड वॉनर्र ने कमिंस के डिफेंस की आलोचना की

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। विशेष रूप से पैरा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक अर्जित करने वाले खिलाड़ियों को आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग की योजनाओं के अंतर्गत तीन लाख रुपये तक की यात्रा एवं दैनिक भत्ता (टीए-डीए) सहायता प्रदान करने का प्रावधान है।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का सकारात्मक वातावरण बना है। छत्तीसगढ़ सरकार भी खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। समारोह में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, खेल संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित दोनों खिलाड़ियों के परिजन उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नहाय-खाय पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं, छठी मईया से सुख-समृद्धि की कामना की