कोरिया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कोरिया पुलिस ने जिले के सभी थाना क्षेत्रों में आकस्मिक वाहन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक हरिश राठौर के निर्देश पर यातायात पुलिस और थाना प्रभारियों द्वारा की गई इस कार्रवाई में कुल 67 प्रकरण दर्ज कर 46,200 रुपये का शमन शुल्क वसूल किया गया।
अभियान के दौरान यातायात प्रभारी की टीम ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने के 9, तीन सवारी बैठाकर मोटरसाइकिल चलाने के 4, बिना लाइसेंस वाहन चलाने के 2 और बिना सीट बेल्ट लगाए चारपहिया वाहन चलाने के 8 प्रकरण दर्ज किए। इन मामलों में कुल 30,004 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। इसके अलावा नाबालिग द्वारा वाहन चलाने और शराब पीकर मोटरसाइकिल चलाने के एक-एक मामले में वाहन जब्त किया गया, जिन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इसी क्रम में पटना थाना पुलिस ने बिना कागजात के 7, बिना हेलमेट के 5 और अन्य नियम उल्लंघन का एक मामला दर्ज कर कुल 13 प्रकरणों में 5,600 रुपये का शमन शुल्क वसूला। सोनहत थाना पुलिस ने बिना कागजात के 8 और बिना हेलमेट के एक मामले सहित कुल 9 प्रकरणों में 2,900 रुपये की वसूली की।
चरचा थाना पुलिस ने बिना कागजात के 10, बिना हेलमेट के 3 और बिना सीट बेल्ट के 3 मामलों में कुल 14 प्रकरण दर्ज कर 5,000 रुपये का शमन शुल्क वसूला। वहीं पुलिस चौकी बचरा पोड़ी ने बिना वाहन कागजात के 9 प्रकरणों में 2,700 रुपये की वसूली की। कोरिया यातायात पुलिस ने बताया कि नाबालिग के वाहन चलाने पर वाहन स्वामी या अभिभावक के खिलाफ 25 हजार रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने के मामले में न्यायालय द्वारा चालक पर 10 हजार रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकता है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें। शराब पीकर वाहन न चलाएं और नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें।
