दिल्ली में प्रदूषण का कहर! AQI 403 के पार, छह इलाकों में हवा बेहद जहरीली

Follow Us

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में ठंड बढ़ने और हवाओं की रफ्तार धीमी होने के साथ प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ रहा है। शुक्रवार सुबह दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 403 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है। इससे राजधानीवासियों की सांसों पर संकट गहराने लगा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, पिछले 24 घंटों में AQI में 82 अंकों की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, सुबह के समय कुछ इलाकों में प्रदूषण का स्तर और भी अधिक दर्ज किया गया।

छह इलाकों में AQI 400 के पार
दिल्ली के छह प्रमुख इलाकों में वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में पहुंच गई है। इनमें आईआईटी में 431, एनएसयूटी जफरपुर में 421, नॉर्थ कैंपस में 419, चांदनी चौक में 415, पूसा में 413 और आईटीओ में 407 AQI दर्ज किया गया। इन हालात में बच्चों, बुजुर्गों और सांस व हृदय संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

वाहनों का धुआं प्रदूषण की सबसे बड़ी वजह
भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (IITM) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के प्रदूषण में परिवहन क्षेत्र की हिस्सेदारी सबसे अधिक 20.2 प्रतिशत रही। इसके बाद हरियाणा के झज्जर का योगदान 13.2 प्रतिशत और पराली जलाने से होने वाले प्रदूषण की हिस्सेदारी 9.2 प्रतिशत दर्ज की गई। शनिवार को परिवहन क्षेत्र का योगदान बढ़कर 20.5 प्रतिशत और पराली के धुएं की हिस्सेदारी 13.29 प्रतिशत रहने का अनुमान है।

अगले तीन दिनों तक राहत की उम्मीद कम
मौसम में बदलाव, गिरते तापमान और हवा की धीमी रफ्तार के कारण प्रदूषक कण वातावरण में जमा हो रहे हैं। यही वजह है कि सुबह और रात के समय प्रदूषण का स्तर अधिक बना हुआ है। अक्टूबर में दिल्ली की हवा अपेक्षाकृत बेहतर थी, लेकिन नवंबर की शुरुआत और दीपावली के बाद प्रदूषण में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। CPCB के अनुसार, अगले तीन दिनों तक वायु गुणवत्ता में खास सुधार की संभावना नहीं है। ऐसे में दिल्ली-एनसीआर के लोगों को फिलहाल जहरीली हवा से राहत मिलने के आसार कम हैं।