वन्यजीव तस्करी पर वन विभाग का बड़ा एक्शन, पैंगोलिन के 9 किलो शल्क और तेंदुए की खाल बरामद; 6 आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में वन्यजीवों के अवैध शिकार और तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर पैंगोलिन के 9.260 किलोग्राम शल्क और तेंदुए की एक खाल बरामद की है। इस मामले में कुल छह आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई गंगालूर तहसील के ग्राम रेड्डी में की गई, जहां से पैंगोलिन के शल्क बरामद हुए और चार लोगों को पकड़ा गया। आरोपियों से पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर वन विभाग की टीम ने बासागुड़ा क्षेत्र के ग्राम मल्लेपल्ली में दूसरी छापेमारी की। यहां से तेंदुए की खाल बरामद कर दो अन्य आरोपियों को हिरासत में लिया गया।

वन विभाग के मुताबिक, पैंगोलिन और तेंदुआ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत संरक्षित प्रजातियों में शामिल हैं। इनके शिकार और अवैध व्यापार पर सख्त कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ वन अपराध दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।