सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, चोरी की नगदी बरामद

रायपुर । सूने मकान का ताला तोड़कर नगदी चोरी करने के मामले में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संतोषी नगर टिकरापारा निवासी असवंत निषाद (26) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है।

पुलिस के मुताबिक मठपुरैना टिकरापारा निवासी प्रेम सोनी ने थाना टिकरापारा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 1 से 2 मई 2026 के बीच अज्ञात चोर उसके सूने मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसा और कमरे में रखी आलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखी नगदी रकम चोरी कर ले गया। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 376/26 के तहत धारा 331(4), 305 बीएनएस में मामला दर्ज किया था।

घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना टिकरापारा की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने प्रार्थी और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके साथ ही घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। मुखबिरों को सक्रिय करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटना में संलिप्त आरोपी की पहचान असवंत निषाद के रूप में की। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने सूने मकान में चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की नगदी रकम बरामद कर ली।
पुलिस के अनुसार आरोपी असवंत निषाद वर्ष 2024 में भी थाना टिकरापारा के चोरी के एक मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपी: असवंत निषाद पिता गेंदराम निषाद, उम्र 26 वर्ष, निवासी शिव कबाड़ी के पीछे, संतोषी नगर, थाना टिकरापारा, रायपुर।