ऋषभ पंत का ‘देवभूमि’ में अपना घर बनाने का सपना अटका! सीएम धामी से मांगी मदद, मिला भरोसा

Follow Us

देहरादून। भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत का अपने गृह राज्य उत्तराखंड लौटकर घर बनाने का सपना फिलहाल जमीन की तलाश में अटका हुआ है। पंत ने सोशल मीडिया के जरिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मदद की अपील की, जिसके बाद सीएम ने मामले का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं। पंत ने अपनी पोस्ट में बताया कि, वह करीब तीन साल से उत्तराखंड में अपने परिवार के लिए उपयुक्त जमीन तलाश रहे हैं, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली। उन्होंने कहा कि, वह दिल्ली से अपने गृह राज्य में शिफ्ट होकर पहाड़ी लोगों के बीच रहना और उत्तराखंड के विकास में योगदान देना चाहते हैं।

क्रिकेटर ने उस जमीन का भी जिक्र किया, जिसे राज्य के प्रचार-प्रसार से जुड़े पुराने वादे के तहत मिलने की बात कही गई थी। हालांकि, पंत ने स्पष्ट किया कि, वह सरकार द्वारा तय दरों पर जमीन खरीदना चाहते हैं और किसी विशेष रियायत की मांग नहीं कर रहे हैं। पंत की अपील पर मुख्यमंत्री धामी ने उन्हें उत्तराखंड का गौरव बताते हुए कहा कि उनकी भावनाओं का सम्मान किया जाता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि, वे पंत से संपर्क कर नियमानुसार हरसंभव मदद करें। अब नजर इस बात पर है कि, प्रशासनिक प्रक्रिया के बाद पंत का देवभूमि में अपना घर बनाने का सपना कब पूरा होता है।