नई दिल्ली। शरीर में पोषक तत्वों की कमी होने पर कई लोग तुरंत सप्लीमेंट्स लेना शुरू कर देते हैं, लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि संतुलित आहार और सही खानपान से भी शरीर को जरूरी पोषण मिल सकता है। क्लिनिकल न्यूट्रिशन एक्सपर्ट हीना के अनुसार, कुछ चीजों को रातभर भिगोकर सुबह खाने से पाचन बेहतर हो सकता है और शरीर को कई जरूरी पोषक तत्व मिल सकते हैं। हालांकि, इन्हें किसी बीमारी के इलाज का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए।
विशेषज्ञ के मुताबिक, हलीम के बीज आयरन के अच्छे स्रोत माने जाते हैं, जबकि भीगी हुई काली किशमिश शरीर को ऊर्जा और पोषण देने में मदद कर सकती है। केसर का पानी त्वचा, पाचन और हार्मोनल संतुलन के लिए उपयोगी माना जाता है। वहीं, अंजीर को भिगोकर खाने से पाचन तंत्र को फायदा मिल सकता है और कब्ज की समस्या में राहत मिल सकती है। ब्राजील नट्स सेलेनियम का अच्छा स्रोत हैं, जो शरीर के लिए जरूरी खनिजों में शामिल है।
इसके अलावा, मेथी के बीज, चिया सीड्स और भीगे हुए बादाम भी सेहत के लिए फायदेमंद माने जाते हैं। मेथी पाचन और ब्लड शुगर संतुलन में मदद कर सकती है, जबकि चिया सीड्स फाइबर और ओमेगा-3 से भरपूर होते हैं। पांच से सात भीगे हुए बादाम खाने से शरीर को विटामिन ई और हेल्दी फैट्स मिलते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि इन चीजों को डाइट का हिस्सा बनाया जा सकता है, लेकिन किसी भी स्वास्थ्य समस्या में डॉक्टर की सलाह जरूरी है।
