नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच 13 अगस्त से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले टीम चयन को लेकर चर्चा तेज है। पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किए गए सारांश जैन के डेब्यू को लेकर पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने बड़ा बयान दिया है। उनका मानना है कि, मजबूत स्पिन आक्रमण और टीम संयोजन के कारण सारांश को शुरुआती प्लेइंग इलेवन में जगह मिलना आसान नहीं होगा। आकाश चोपड़ा ने कहा कि, भारतीय टीम में पहले से रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव और मानव सुथार जैसे स्पिनर मौजूद हैं। उनके अनुसार, श्रीलंका के संभावित बल्लेबाजी क्रम और टीम कॉम्बिनेशन को देखते हुए अतिरिक्त स्पिनर को मौका मिलने की संभावना कम है।
उन्होंने यह भी कहा कि, घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने वाले कई खिलाड़ियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है। उदाहरण के तौर पर उन्होंने अभिमन्यु ईश्वरन का जिक्र किया। हालांकि, चोपड़ा ने माना कि, भारतीय टीम में चयन होना ही सारांश जैन के लिए बड़ी उपलब्धि है और भविष्य में उन्हें अवसर जरूर मिल सकता है। भारत का टेस्ट क्रिकेट में श्रीलंका के खिलाफ रिकॉर्ड मजबूत रहा है। ऐसे में टीम प्रबंधन अनुभवी खिलाड़ियों पर भरोसा दिखा सकता है, जिससे नए खिलाड़ियों को डेब्यू के लिए कुछ और इंतजार करना पड़ सकता है।
