बंगाल बीजेपी का बड़ा एक्शन, जबरन वसूली के आरोप में 22 नेता निलंबित

Follow Us

कोलकाता। पश्चिम बंगाल बीजेपी ने पार्टी में अनुशासनहीनता और जबरन वसूली के आरोपों को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए 22 नेताओं को निलंबित कर दिया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद संगठन स्तर पर की गई सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।जानकारी के मुताबिक, जबरन वसूली, विपक्षी कार्यकर्ताओं से कथित संपर्क, पार्टी विरोधी गतिविधियों और कुछ स्थानों पर राजनीतिक कार्यालयों पर कब्जे की कोशिश जैसी शिकायतों के बाद बीजेपी ने 200 से अधिक नेताओं और कार्यकर्ताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए थे।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने पहले ही कार्यकर्ताओं को चेतावनी दी थी कि पार्टी में किसी भी तरह की अनुशासनहीनता और अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने नेताओं को अपना व्यवहार सुधारने के लिए समय भी दिया था।पार्टी सूत्रों के अनुसार, कई नेताओं के जवाब संतोषजनक पाए गए, जबकि कुछ नेताओं ने समय पर जवाब नहीं दिया या उनका स्पष्टीकरण अनुशासन समिति को स्वीकार्य नहीं लगा। इसके बाद 22 सदस्यों पर निलंबन की कार्रवाई की गई।

बीजेपी ने स्पष्ट किया है कि संगठन की छवि खराब करने वाली किसी भी गतिविधि में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पार्टी का कहना है कि वह संगठन में अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह कदम उठा रही है।