भारत की नई स्क्वैश स्टार अनाहत सिंह का सम्मान, खेल मंत्री ने युवा चैंपियनों का बढ़ाया हौसला

Follow Us

नई दिल्ली। भारतीय खेल जगत में लगातार नई उपलब्धियां जुड़ रही हैं। वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में खेल मंत्री ने महिला एकल वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाली अनाहत सिंह और कांस्य पदक हासिल करने वाली भारतीय पुरुष जूनियर टीम के खिलाड़ियों को सम्मानित किया। पुरुष टीम में आर्यवीर दीवान, युशा नफीस और गुरवीर सिंह शामिल रहे।

18 वर्षीय अनाहत सिंह वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप में महिला एकल खिताब जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनी हैं। यह उनकी प्रतियोगिता में पांचवीं भागीदारी थी और विश्व चैंपियनशिप में दूसरा पदक है। डॉ. मांडविया ने खिलाड़ियों से बातचीत करते हुए कहा कि ये उपलब्धियां उनके करियर की शुरुआत हैं और आने वाले एशियन गेम्स 2026 व ओलंपिक 2028 जैसे बड़े मंचों के लिए उन्हें और मेहनत करनी होगी।

खेल मंत्री ने अनाहत की जीत को देश के युवाओं के लिए प्रेरणा बताया। सम्मान समारोह के दौरान खिलाड़ियों ने खेल मंत्री के साथ बातचीत की, सेल्फी ली और अपनी उपलब्धियों को साझा किया। भारतीय स्क्वैश खिलाड़ियों की यह सफलता देश में इस खेल को नई पहचान देने वाली साबित हो रही है।