रायपुर। राजधानी रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र स्थित बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 19 वर्षीय बीएड छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के शरीर और गर्दन पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसके साथ रह रहे युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान भारती नेताम के रूप में हुई है, जो कांकेर जिले के कोकपुर की रहने वाली थी और रायपुर के विकास महाविद्यालय में बीएड की पढ़ाई कर रही थी। पुलिस के अनुसार, वह पिछले छह से सात महीनों से कोंडागांव निवासी छात्र सावंत बघेल के साथ किराए के मकान में रह रही थी।
मृतका की बड़ी बहन देविका नेताम ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि सावंत बघेल उस पर किसी अन्य व्यक्ति से संपर्क होने का संदेह करता था और अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। शिकायत के अनुसार, घटना से एक दिन पहले भारती ने फोन कर मारपीट की जानकारी दी थी और घर लौटने के लिए आर्थिक मदद मांगी थी, जिसके बाद उसे तीन हजार रुपये ऑनलाइन भेजे गए। बाद में परिवार को सूचना मिली कि भारती को इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, मृतका की आंख और गर्दन पर चोट के निशान पाए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने मुख्य संदेही सावंत बघेल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।
