रात में ट्रकों-ट्रेलरों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

रायगढ़। ट्रकों और ट्रेलरों से रात के समय डीजल चोरी करने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ तमनार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का डीजल, वारदात में इस्तेमाल बोलेरो वाहन सहित कई सामान बरामद किए हैं। वहीं गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त 2026 को तमनार निवासी गोपेश जायसवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका ट्रेलर क्रमांक CG 13 AV 7911 जेपीएल प्लांट के गेट नंबर-2, सलिहाभांठा के पास खड़ा था। वाहन के डीजल टैंक में करीब 100 लीटर डीजल था, लेकिन सुबह जांच करने पर टैंक का ढक्कन टूटा मिला और पूरा डीजल चोरी हो चुका था। शिकायत के बाद तमनार थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। सूचना के आधार पर ग्राम भालूमुड़ा निवासी किशोर कुमार चौहान को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर ट्रकों और ट्रेलरों से डीजल चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल बोलेरो वाहन, 50 लीटर डीजल, प्लास्टिक पाइप, लोहे का सब्बल, पेचकस और नकदी बरामद की। पूछताछ में सामने आया कि चोरी का डीजल ग्राम मुड़ागांव निवासी दुर्गाचरण पटेल को 4 हजार रुपये में बेचा गया था। पुलिस ने चोरी का डीजल खरीदने वाले दुर्गाचरण पटेल और आरोपी कमलेश कुमार उरांव को भी गिरफ्तार किया।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह के सदस्य देर रात बोलेरो से निकलकर सुनसान स्थानों पर खड़े भारी वाहनों को निशाना बनाते थे। वे डीजल टैंक तोड़कर पाइप के जरिए डीजल निकाल लेते थे। चालक के मौजूद रहने पर उसे धमकाकर मौके से भगा देते थे।

गिरफ्तार आरोपियों किशोर कुमार चौहान (37), कमलेश कुमार उरांव (23) और दुर्गाचरण पटेल (42) को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस फरार आरोपियों फकीर यादव, खुलु उर्फ दुखभंजन देवता और कमल सिदार की तलाश कर रही है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ट्रकों, ट्रेलरों और भारी वाहनों को निशाना बनाने वाले संगठित गिरोहों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। चोरी का माल खरीदने वालों पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।