पंजाब में 300 यूनिट मुफ्त बिजली से लाखों परिवारों को राहत, बचत के साथ बढ़ा ऊर्जा संरक्षण का संदेश

Follow Us

चंडीगढ़। पंजाब सरकार की 300 यूनिट मुफ्त बिजली योजना से राज्य के लाखों घरेलू उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत मिलने का दावा किया गया है। इस योजना के तहत कई परिवारों के बिजली बिलों में कमी आई है, जिससे उनके घरेलू बजट पर दबाव कम हुआ है। सरकार के अनुसार, राज्य के करीब 90 प्रतिशत बिजली उपभोक्ताओं को इस सुविधा का लाभ मिल रहा है। गरीब, मध्यम वर्ग और जरूरतमंद परिवार बिजली खर्च में हुई बचत का उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी जरूरतों को पूरा करने में कर पा रहे हैं।

इस योजना का एक सकारात्मक असर यह भी देखने को मिला है कि लोग बिजली की खपत को नियंत्रित करने पर ध्यान दे रहे हैं। कई उपभोक्ता अनावश्यक उपकरणों को बंद रखने, एलईडी बल्ब और ऊर्जा बचाने वाले उपकरणों के इस्तेमाल को बढ़ावा दे रहे हैं। वहीं, एसी, हीटर जैसे ज्यादा बिजली खपत करने वाले उपकरणों का उपयोग भी जरूरत के अनुसार किया जा रहा है। पंजाब सरकार का कहना है कि, यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को ऊर्जा संरक्षण और बिजली के जिम्मेदार इस्तेमाल के लिए भी प्रेरित कर रही है। मुफ्त बिजली सुविधा से परिवारों को राहत मिलने के साथ-साथ राज्य में बचत और जागरूकता की भावना को भी बढ़ावा मिल रहा है।