सीडब्लूजी 2026 में भारत का जलवा: 39 पदकों की जीत पर पीएम मोदी ने दी खिलाड़ियों को बधाई

Follow Us

नई दिल्ली। ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गर्व जताते हुए पूरे दल को बधाई दी है। भारत ने इस प्रतियोगिता में 13 स्वर्ण सहित कुल 39 पदक जीतकर खेल जगत में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई। प्रधानमंत्री ने कहा कि, भारतीय खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान बेहतरीन कौशल, अनुशासन, आत्मविश्वास और कड़ी मेहनत का प्रदर्शन किया। उन्होंने सभी पदक विजेताओं के साथ-साथ खिलाड़ियों, कोच और सहयोगी स्टाफ की भूमिका की भी सराहना की।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर संदेश साझा करते हुए कहा कि, ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय दल का प्रदर्शन देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धियों को देश के खेल इतिहास की महत्वपूर्ण सफलता बताया। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि, भारतीय खिलाड़ियों की यह कामयाबी देश के युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करेगी और उन्हें अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए आगे बढ़ने का हौसला देगी। उन्होंने भारतीय दल को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, खिलाड़ी इसी तरह मेहनत और समर्पण के साथ देश का नाम दुनिया भर में रोशन करते रहें।