मेलबर्न। भारत दौरे के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने ऑस्ट्रेलिया ए महिला टीम का ऐलान कर दिया है। 15 सदस्यीय टीम में लंबे समय बाद तेज गेंदबाज टायला व्लामिन्क और डार्सी ब्राउन की वापसी हुई है। दोनों खिलाड़ियों की मौजूदगी से टीम को मजबूती मिलने की उम्मीद है।27 वर्षीय टायला व्लामिन्क कंधे की चोट के कारण लंबे समय से मैदान से दूर थीं। अब पूरी तरह फिट होने के बाद वह भारत के खिलाफ वनडे और टी20 मुकाबलों में अपना प्रभाव छोड़ने के लिए तैयार हैं। वहीं, 23 वर्षीय डार्सी ब्राउन को भी टीम में शामिल किया गया है, जिनके अनुभव का फायदा युवा खिलाड़ियों को मिलेगा।
ऑस्ट्रेलिया ए टीम का यह तीन हफ्ते का दौरा होगा। इसमें न्यू चंडीगढ़ में तीन टी20 मुकाबले, मोहाली में तीन वनडे मैच और धर्मशाला में चार दिवसीय मुकाबला खेला जाएगा। वनडे टीम की कप्तानी ताहलिया विल्सन, टी20 टीम की कमान निकोल फाल्टम और चार दिवसीय मैच की कप्तानी रेचल ट्रेनमैन संभालेंगी।क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के चयनकर्ता शॉन फ्लेगलर ने कहा कि भारतीय परिस्थितियों में खेलना युवा खिलाड़ियों के लिए सीखने का बड़ा अवसर होगा। इस दौरे से खिलाड़ियों को उपमहाद्वीप की परिस्थितियों को समझने और अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारी करने में मदद मिलेगी।
