राम मंदिर का चढ़ावा: चढ़ावे के गहनों का बनेगा डिजिटल रिकॉर्ड, वेबसाइट पर दिखाने की तैयारी में ट्रस्ट

Follow Us

अयोध्या। अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा मामले के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने पारदर्शिता बढ़ाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित किए गए कीमती आभूषणों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है, ताकि भविष्य में किसी भी तरह के विवाद या भ्रम की स्थिति से बचा जा सके। ट्रस्ट ने भारतीय स्टेट बैंक की अयोध्या शाखा के लॉकर में सुरक्षित रखे गए सोने-चांदी के आभूषणों और अन्य बहुमूल्य उपहारों की वीडियोग्राफी कराई है। इस प्रक्रिया के दौरान ट्रस्ट के पदाधिकारी और बैंक अधिकारी मौजूद रहे। हर आभूषण की अलग-अलग रिकॉर्डिंग तैयार की गई है।

ट्रस्ट का कहना है कि, इस डिजिटल दस्तावेज से चढ़ावे की सुरक्षा और प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा। भविष्य में इन आभूषणों को ट्रस्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रदर्शित करने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालु मंदिर में प्राप्त बहुमूल्य उपहारों की जानकारी देख सकेंगे। ट्रस्ट अधिकारियों के अनुसार, यह पहल श्रद्धालुओं के विश्वास को बनाए रखने और मंदिर प्रशासन में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से की जा रही है। प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी मिलने के बाद वेबसाइट पर आभूषणों के प्रदर्शन की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। वहीं, संत समाज ने भी इस कदम का स्वागत करते हुए इसे भरोसा मजबूत करने वाली पहल बताया है।