दूषित पानी से 100 से ज्यादा लोग बीमार, 1640 परिवारों पर मंडराया स्वास्थ्य संकट

Follow Us

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक सोसायटी में दूषित पानी की आपूर्ति से हड़कंप मच गया है। निराला ग्रीन आर्क सोसायटी के कई निवासी बीमार पड़ने का दावा कर रहे हैं। लोगों के अनुसार, पानी की जांच में कोलीफार्म और ई.कोलाई बैक्टीरिया पाए गए हैं, जिसके बाद करीब 1,640 परिवारों में चिंता का माहौल है। निवासियों का कहना है कि, पिछले कुछ समय से पानी की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें की जा रही थीं। हाल के दिनों में उल्टी, दस्त, पेट दर्द और बुखार जैसी समस्याओं के मामले तेजी से बढ़े। इसके बाद पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए, जिसमें पानी को पीने योग्य नहीं बताया गया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, अब तक 100 से ज्यादा लोग बीमार हो चुके हैं, जिनमें कई बच्चे भी शामिल हैं। हालात को देखते हुए कई परिवार पानी को उबालकर इस्तेमाल कर रहे हैं। निवासियों ने सोसायटी प्रबंधन और संबंधित विभागों पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। वहीं, एओए का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद पानी की जांच कराई गई और प्राधिकरण को इसकी जानकारी दी गई। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर पानी के नए नमूने लिए हैं। अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल लोगों को साफ पानी उपलब्ध कराने के प्रयास जारी हैं।