30 दिन में दोगुना रिटर्न का झांसा, ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर कारोबारी से ₹20 लाख की ठगी

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 30 दिन में रकम दोगुनी करने का लालच देकर 20 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर खमतराई थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, साम्राज्य रेसिडेंसी, खमतराई निवासी विशाल गोयल (41) को 13 फरवरी की सुबह अनिका शर्मा नाम की महिला का फोन आया। महिला ने खुद को ऑनलाइन ट्रेडिंग से जुड़ा बताते हुए 30 दिन में निवेश की राशि दोगुनी करने का दावा किया और उन्हें एक ट्रेडिंग ग्रुप से जुड़ने का प्रस्ताव दिया।

महिला ने व्हाट्सएप के जरिए एक लिंक भेजकर विशाल को ग्रुप में शामिल कराया। इसके बाद अलग-अलग तारीखों में बताए गए बैंक खातों में पांच किश्तों में कुल 20 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। रकम जमा होने के बाद न तो कोई मुनाफा मिला और न ही मूलधन वापस किया गया।

अपने साथ धोखाधड़ी होने का एहसास होने पर विशाल गोयल ने खमतराई थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल भी आरोपियों की पहचान और रकम के ट्रेल की जांच में जुटी हुई है।

पुलिस की अपील:
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया, व्हाट्सएप या फोन कॉल के जरिए मिलने वाले अधिक मुनाफे के लालच में किसी भी अनजान व्यक्ति या निवेश योजना पर भरोसा न करें। निवेश से पहले संबंधित प्लेटफॉर्म और कंपनी की सत्यता की जांच अवश्य करें।