16 साल बाद स्पेन की सेमीफाइनल में वापसी, बेल्जियम को 2-1 से हराकर फ्रांस से होगी भिड़ंत

Follow Us

लॉस एंजिल्स। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में स्पेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। 2010 की चैंपियन स्पेन ने क्वार्टर फाइनल के रोमांचक मुकाबले में बेल्जियम को 2-1 से हराया और 16 साल बाद टूर्नामेंट के अंतिम चार में वापसी की। अब स्पेन का सामना 14 जुलाई को फ्रांस से होगा। लॉस एंजिल्स स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में स्पेन और बेल्जियम के बीच शुरुआत से ही कड़ा मुकाबला देखने को मिला। स्पेन ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए 30वें मिनट में बढ़त हासिल की। लैमिन यामल के शानदार मूव के बाद पेड्रो पोरो के क्रॉस पर फैबियन रुइज ने रिबाउंड का फायदा उठाते हुए गेंद को गोल में पहुंचाकर स्पेन को 1-0 से आगे कर दिया।

हालांकि बेल्जियम ने हार नहीं मानी और पहले हाफ के खत्म होने से पहले बराबरी कर ली। 41वें मिनट में टिमोथी कास्टेग्ने के शानदार क्रॉस पर चार्ल्स डी केटेलेयर ने हेडर के जरिए गोल दागा और स्कोर 1-1 कर दिया। इस गोल के साथ स्पेन के गोलकीपर उनाई सिमोन की लगातार क्लीन शीट का सिलसिला भी खत्म हुआ। दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने जीत के लिए पूरी ताकत लगा दी। मुकाबले का रुख तब बदला जब बेल्जियम के अनुभवी गोलकीपर थिबॉट कोर्टुआ चोट के कारण मैदान से बाहर हो गए। उनकी जगह सेने लैमेंस को उतारा गया।

मैच जब अतिरिक्त समय की ओर बढ़ता दिख रहा था, तभी स्पेन के लिए सुपर-सब साबित हुए मिकेल मेरिनो। 86वें मिनट में मैदान पर आने के कुछ ही देर बाद उन्होंने 88वें मिनट में निर्णायक गोल दाग दिया। पाउ क्यूबार्सी के शॉट को बेल्जियम के नए गोलकीपर लैमेंस ठीक से पकड़ नहीं पाए और रिबाउंड पर मेरिनो ने गोल कर स्पेन को 2-1 की बढ़त दिला दी। मिकेल मेरिनो के लिए यह लगातार दूसरा नॉकआउट मुकाबला रहा, जिसमें उन्होंने बतौर सब्स्टीट्यूट उतरकर स्पेन के लिए मैच विनिंग गोल किया। इससे पहले प्री-क्वार्टर फाइनल में भी उन्होंने पुर्तगाल के खिलाफ निर्णायक भूमिका निभाई थी।

स्पेन अब फीफा वर्ल्ड कप इतिहास में तीसरी बार सेमीफाइनल में पहुंचा है। इससे पहले टीम 2010 में अंतिम चार में पहुंची थी और उसी साल नीदरलैंड को हराकर पहली बार विश्व कप खिताब जीता था। अब सेमीफाइनल में स्पेन के सामने मजबूत फ्रांस की चुनौती होगी। दोनों यूरोपीय दिग्गजों के बीच मुकाबला टूर्नामेंट के सबसे रोमांचक मैचों में से एक माना जा रहा है।