मानसून में सब्जियां धोने में न बरतें लापरवाही: इन आसान तरीकों से पत्तेदार सब्जियों को बनाएं सुरक्षित

Follow Us

नई दिल्ली। बारिश के मौसम में हरी पत्तेदार सब्जियों में कीट, मिट्टी और बैक्टीरिया का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में इन्हें बिना सही तरीके से साफ किए खाना सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। सिर्फ सामान्य पानी से धोना कई बार पर्याप्त नहीं होता, इसलिए कुछ आसान उपाय अपनाकर सब्जियों को ज्यादा सुरक्षित बनाया जा सकता है।

सबसे आसान तरीका है नमक के पानी का इस्तेमाल। एक बर्तन में पानी लेकर उसमें थोड़ा नमक मिलाएं और सब्जियों को 10 से 15 मिनट तक भिगोकर रखें। इससे गंदगी और छोटे कीटों को हटाने में मदद मिलती है। इसके अलावा सिरके का पानी भी उपयोगी हो सकता है। पानी में दो चम्मच सिरका मिलाकर सब्जियों को कुछ देर भिगोने के बाद साफ पानी से धो लें। इसी तरह नींबू का रस मिलाकर भी सब्जियों को साफ किया जा सकता है।

पत्तेदार सब्जियों की सफाई के लिए बेकिंग सोडा का इस्तेमाल भी किया जाता है। पानी में थोड़ी मात्रा में बेकिंग सोडा मिलाकर सब्जियों को कुछ मिनट रखने के बाद अच्छी तरह धोना चाहिए। कुछ लोग हल्के गर्म पानी में नमक मिलाकर भी सब्जियों को साफ करते हैं। हालांकि, किसी भी तरीके के बाद सब्जियों को साफ पानी से धोना जरूरी है। मानसून में थोड़ी सावधानी अपनाकर आप स्वाद के साथ सेहत का भी ध्यान रख सकते हैं।