रूद्री में फुटबॉल का रोमांच शुरू: मानसून कप सीजन-1 से युवाओं को मिला प्रतिभा दिखाने का मंच

Follow Us

धमतरी। रूद्री स्थित शीतला माता मंदिर परिसर खेल मैदान में शुक्रवार को मानसून कप सीजन-1 अंतर जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शानदार आगाज हुआ। तीन दिवसीय नाइट टूर्नामेंट का आयोजन रूद्री के युवाओं द्वारा किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न जिलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रंजना डीपेन्द्र साहू ने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।

उद्घाटन मुकाबला कांकेर और रायपुर की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। मुख्य अतिथि रंजना साहू ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि, ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की प्रतियोगिताएं नई खेल प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर देती हैं। साथ ही उन्होंने युवाओं को खेलों से जुड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान नेता दिग्विजय सिंह कृदत ने की। उन्होंने कहा कि, युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना समय की जरूरत है, इससे क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा। आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधि, खेल अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि मानसून कप भविष्य में बड़े स्तर की प्रतियोगिता के रूप में पहचान बनाएगा।