रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा सत्र से पहले कांग्रेस विधायक दल की अहम बैठक आज आयोजित की जा रही है। बैठक की अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत करेंगे। इसमें विधानसभा सत्र के दौरान भाजपा सरकार को घेरने के लिए विपक्ष की रणनीति तैयार की जाएगी।
कांग्रेस विधायक दल की इस बैठक में प्रदेश से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। विपक्ष नकटी बुलडोजर कांड, खाद की कमी, कानून व्यवस्था, जल जीवन मिशन और बिजली संकट जैसे मामलों को सदन में प्रमुखता से उठाने की तैयारी में है। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और विधायक शामिल होंगे। कांग्रेस की कोशिश है कि विधानसभा सत्र के दौरान जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा जाए और प्रभावी तरीके से विपक्ष की भूमिका निभाई जाए।
सूत्रों के अनुसार, विपक्ष हर दिन किसी एक बड़े मुद्दे को लेकर स्थगन प्रस्ताव लाने की रणनीति पर भी विचार कर सकता है। कांग्रेस का लक्ष्य सदन में सरकार को घेरने के लिए आक्रामक और संगठित रणनीति तैयार करना है। विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले होने वाली यह बैठक कांग्रेस के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि पार्टी सरकार की नीतियों और प्रशासनिक मुद्दों पर तीखे सवाल उठाने की तैयारी में है।
