हॉस्टल के खाने से मचा हड़कंप! 40 छात्रों की तबीयत बिगड़ी, 5 ICU में भर्ती; प्रशासन ने शुरू की जांच

Follow Us

नंदुरबार। महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले के शहादा स्थित समाज कल्याण विभाग के हॉस्टल में खाना खाने के बाद कई छात्रों की तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। संदिग्ध फूड पॉइजनिंग के कारण करीब 40 छात्र बीमार हो गए, जिनमें से 25 छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालत गंभीर होने पर 5 छात्रों को आईसीयू में रखा गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी मिताली सेठी ने अस्पताल पहुंचकर बीमार छात्रों का हाल जाना। डॉक्टरों के मुताबिक, छात्रों में फूड पॉइजनिंग और गैस्ट्रिक समस्या के लक्षण पाए गए हैं। फिलहाल सभी छात्रों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

प्रशासन ने खाने के सैंपल और छात्रों की जांच रिपोर्ट को लैब में भेज दिया है, ताकि बीमारी की असली वजह का पता लगाया जा सके। अधिकारियों ने कहा है कि रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। हॉस्टल प्रबंधन, वार्डन और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं। साथ ही हॉस्टल की सुविधाओं और खाने की गुणवत्ता की नियमित समीक्षा करने की बात कही गई है।